शिक्षकों के स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद का संबल: पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक एक भोपाल में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर
भोपाल, 28 फरवरी 2026 । राजधानी भोपाल स्थित पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक एक भोपाल में आज धर्म संस्कृति समिति के तत्वावधान में निश्शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अनुभवी वैद्यों द्वारा विद्यालय के शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
प्राथमिक प्रार्थना सभा स्टेज पर प्रातः 11:00 बजे आयोजित इस शिविर में सहायक उपायुक्त श्री विजयवीर जी, प्राचार्य श्री गौरव कुमार द्विवेदी, हेड मास्टर श्री संजय कुमार सोनटक्के जी सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों ने नाड़ी परीक्षण के माध्यम से अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। वैद्यों ने शिक्षकों की प्रकृति-विश्लेषण (प्रकृति निर्धारण) के आधार पर परामर्श प्रदान किया तथा आवश्यक जीवनशैली और आहार संबंधी सुझाव दिए।
इस आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को आयुर्वेद स्वास्थ्य पद्धति के प्रति जागरूक करना है। आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार की प्रणाली नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। यह दिनचर्या, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के माध्यम से दीर्घकालिक स्वास्थ्य प्रदान करता है।
विशेषज्ञों के अनुसार शिक्षकों को नियमित बोलने, मानसिक तनाव, अनियमित भोजन और लंबे समय तक खड़े रहकर कार्य करने के कारण थकान, पाचन विकार, स्वर संबंधी समस्याएं और तनाव जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आयुर्वेद में प्राकृतिक औषधियों, पंचकर्म, नाड़ी परीक्षण और व्यक्तिगत प्रकृति के आधार पर उपचार के माध्यम से न केवल रोगों की रोकथाम की जाती है, बल्कि कार्यक्षमता, एकाग्रता और ऊर्जा में भी वृद्धि होती है।
विद्यालय प्रशासन ने सभी शिक्षकों से इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि वे आयुर्वेद के लाभों को समझते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली की ओर अग्रसर हो सकें।



Post a Comment