पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में हर्षोल्लास के साथ मना 62वां स्थापना दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह
बोर्ड परीक्षा में 100% रहा परिणाम, भूमि जैन बनीं संभाग टॉपर; विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सराहा गया
भोपाल। राजधानी के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, भोपाल में बुधवार, 15 अप्रैल 2026 को विद्यालय का 62वां स्थापना दिवस और वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह अत्यंत धूमधाम और गरिमामयी तरीके से मनाया गया। इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय विद्यालय संगठन, भोपाल संभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती किरण मिश्रा उपस्थित रहीं। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक आयुक्त श्री विजयवीर सिंह और श्रीमती अंशु द्विवेदी उपस्थित रहे । कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री गौरव कुमार द्विवेदी ने की।
दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक छटा से हुआ शुभारंभ - कार्यक्रम का विधिवत आरंभ अतिथियों के आगमन के पश्चात दीप प्रज्वलन और माँ सरस्वती की वंदना से हुआ। श्रीमती ज्योति अग्रहरि द्वारा निर्देशित सरस्वती वंदना ने पूरे कार्यक्रम को दिव्यता से ओतप्रोत कर दिया। इसके बाद अतिथियों का पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 'ग्रीन वेलकम' किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों (Tiny Tots) द्वारा प्रस्तुत 'एक्शन सॉन्ग', 'अनेकता में एकता' नृत्य और 'सिम्फनी ऑफ इंडियन कल्चर्स' की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
प्राचार्य श्री गौरव कुमार द्विवेदी ने स्वागत भाषण के साथ सत्र 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने हर्ष जताते हुए बताया कि विद्यालय का कक्षा 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम 100% रहा। कक्षा 12वीं की भूमि जैन (मानविकी संकाय) ने 96.40% अंक अर्जित कर पूरे भोपाल संभाग में टॉप किया है, वहीं कक्षा 10वीं में नमन बोबड़े ने 93.40% अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 'पीएम श्री' योजना के तहत विद्यालय के 100% क्लासरूम अब स्मार्ट क्लासरूम में तब्दील कर दिए गए हैं।
माता-पिता के बाद शिक्षक ही करते हैं सर्वश्रेष्ठ देखभाल: किरण मिश्रा - मुख्य अतिथि श्रीमती किरण मिश्रा ने अपने आशीर्वचन में विद्यालय की प्रगति की प्रशंसा की। अपने प्रेरणादायी वक्तव्य में उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, "माता-पिता के पश्चात यदि कोई आपकी सर्वश्रेष्ठ देखभाल और मार्गदर्शन करता है, तो वह आपके शिक्षक ही हैं, अतः शिक्षकों का सदैव सम्मान करना चाहिए।" इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को पूरी लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
चमकी विद्यार्थियों की प्रतिभा, विभिन्न क्षेत्रों में हुए सम्मानित - समारोह के मुख्य आकर्षण 'पुरस्कार वितरण' में अतिथियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया: अकादमिक: भूमि जैन (संभाग टॉपर), ताप्ती शर्मा, वानिया खान, माही बोबड़े और नमन बोबड़े। विज्ञान एवं AI: कनिष्क सिंह बघेल, अस्तित्व शुक्ला, मेकल और उर्वशी अग्रवाल। कला एवं लेखन: रोहिणी कलाम, कशिश, आदित्य गुप्ता, तेजल शेखावत, माही बोबड़े और यश खत्री। खेलकूद: मितांश दीक्षित, मुकुल रिछारिया, जिया पंवार, हर्षित बघेल और अनय। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा: आराध्या शर्मा, प्रदक्षिणा राजगोरे और कनिष्का तोमर।
इस आयोजन की सफल रूपरेखा विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती माधुरी राजगुरु, श्रीमती शिरीन कुरैशी और श्रीमती ऋचा मिश्रा के मार्गदर्शन में तैयार की गई। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक श्री अभिषेक तिवारी व श्रीमती निशा सिसोदिया के साथ-साथ कक्षा 12 की छात्राओं माही और जाह्नवी ने किया।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती भावना जायसवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उन्होंने समारोह को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।



Post a Comment