के.वि.1 भोपाल में 'भारतीय भाषा समर कैंप' का भव्य आगाज़, पहले ही दिन बच्चों ने सीखी संस्कृत संभाषण की कला
शिविर के प्रथम दिन ही संस्कृत एक्सपर्ट आचार्य श्री अभिषेक तिवारी ने एक अनूठी शिक्षण पद्धति का परिचय देते हुए विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से संस्कृत बोलना सिखाया। उन्होंने भाषा के पारंपरिक बोझिल स्वरूप को दरकिनार कर खेल-कूद और विभिन्न रोचक गतिविधियों के माध्यम से अत्यंत मनोरंजक ढंग से संस्कृत संभाषण का अभ्यास करवाया। आचार्य तिवारी के मार्गदर्शन में बच्चों ने न केवल संस्कृत भाषा की बारीकियों को सहजता से आत्मसात किया, अपितु बड़े ही उत्साह के साथ इस देववाणी में संवाद भी किया। भाषा ज्ञान के साथ-साथ इस सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से ध्यान का अभ्यास भी किया। शिविर की यह पहल बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महती भूमिका सिद्ध होगी। आगामी 20 मई तक चलने वाले इस निःशुल्क शिविर में छात्र संस्कृत गीतों, एकल नाटिका और भारतीय संस्कृति के विविध आयामों से परिचित होंगे, जो उनके ग्रीष्मकालीन अवकाश को रचनात्मक और संस्कारवान बनाने में सहायक होगा।

Post a Comment